*लगभग 36 करोड़ से अधिक अंतराष्ट्रीय मूल्य का आंकलन*
**चंपापुर के सुनसान जंगलों में छिपा था नशे का साम्राज्य, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा**
बिजौलिया (भीलवाड़ा),धीरज कुमार शर्मा।
जिले के बिजौलिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ अब तक की बड़ी कार्रवाई करते हुए चंपापुर गांव के जंगलों से सटे एक सुनसान फार्म हाउस में संचालित अवैध ड्रग फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। पुलिस की दबिश में भारी मात्रा में एमडी ड्रग, केमिकल और ड्रग बनाने की सामग्री बरामद हुई है। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चंपापुर क्षेत्र के एक फार्म हाउस में संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना की पुष्टि के बाद बिजौलिया थाना और कास्या चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापा मारा। पुलिस के पहुंचते ही मौके पर नशे का पूरा नेटवर्क और ड्रग निर्माण का सेटअप देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।
तलाशी के दौरान पुलिस ने **36 किलोग्राम एमडीएमए ड्रग, 155 लीटर एमएम केमिकल, 30 लीटर हाइड्रोक्लोरिक एसिड और 8.50 किलोग्राम कास्टिक सोडा** बरामद किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इन रसायनों की मदद से एमडी ड्रग तैयार की जा रही थी और उत्पादन प्रक्रिया अंतिम चरण में थी।
कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान **वीरेन्द्र पुत्र हजारीलाल बांछड़ा निवासी मंदसौर, बहादुर सिंह पुत्र गोरू बंजारा निवासी नीमच और बबलू पुत्र श्यामलाल बंजारा निवासी भोपतपुरा, बिजौलिया** के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ड्रग निर्माण की तकनीक में माहिर थे और लंबे समय से इस अवैध कारोबार से जुड़े हो सकते हैं। जांच एजेंसियों को आशंका है कि यह गिरोह किसी बड़े अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का हिस्सा है, जो तैयार माल की सप्लाई विभिन्न क्षेत्रों में करता था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जंगलों और खेतों के बीच स्थित सुनसान इलाके को आरोपियों ने अपनी गतिविधियों को छिपाने के लिए चुना था। हालांकि मुखबिर की सटीक सूचना और पुलिस की सतर्कता के चलते पूरा नेटवर्क बेनकाब हो गया।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में नशे के कारोबार से जुड़े कई बड़े नाम और नए खुलासे सामने आ सकते हैं। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।








