नागौर/घुमन्तु दर्पण(चंद्रशेखर शर्मा)|जसनगर कस्बे के निकट लूनी नदी की रपट पर सोमवार सुबह करीब 7 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा एक निजी बस और इक्को कार की टक्कर से हुआ। घायलों को ग्रामीणों की मदद से तत्काल जसनगर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जसनगर की ओर से आ रही एक बस को ओवरटेक करने के दौरान इक्को कार की बस से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पलट गई और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।जानकारी के अनुसार कार में एक ही परिवार के आठ सदस्य सवार थे। सभी श्रद्धालु मूल रूप से करौली जिले के निवासी बताए जा रहे हैं तथा जैतारण क्षेत्र में मजदूरी का कार्य करते हैं। सोमवती अमावस्या के अवसर पर परिवार के सदस्य पवित्र पुष्कर सरोवर में स्नान करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान लूनी नदी की रपट पर यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने घायलों को वाहन व्यवस्था कर जसनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। घटना की सूचना फैलते ही अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार कर उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया।सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पहचान और अन्य आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की खबर से क्षेत्र में शोक का माहौल हैं|








