पाली/घुमन्तु दर्पण(सुरेश पवार)| मारवाड़ के आऊवा गांव के ग्रामीणों ने बिजली और पानी की समस्या को लेकर मंगलवार को मारवाड़ जंक्शन में बिजली विभाग, जलदाय विभाग और उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपे। यह समस्या पिछले काफी दिनों से बनी हुई है।ग्रामीणों ने मारवाड़ जंक्शन स्थित बिजली विभाग के सहायक अभियंता कार्यालय पहुंचकर गांव में बिजली की लगातार समस्या से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है और बिना किसी कारण के अघोषित कटौती की जा रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जीएसएस कार्यालय के कर्मचारी और एफआरटी टीम सही जवाब नहीं देती और फोन बंद कर देती है।
ग्रामीणों ने ऐसे कर्मचारियों को आऊवा जीएसएस से हटाने और नए कर्मचारियों को नियुक्त करने की मांग की। उन्होंने कम वोल्टेज की समस्या से भी अवगत कराया, जिससे गांव और ढाणियों में परेशानी हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस पर सहायक अभियंता संतोष अग्रवाल ने जल्द ही समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।इसके बाद ग्रामीण पानी की समस्या को लेकर जलदाय विभाग कार्यालय पहुंचे। उन्होंने समय पर पानी की आपूर्ति न होने और गांव में जगह-जगह पानी के लीकेज की शिकायत की। नट नगरी के लोगों ने बताया कि उनके क्षेत्र में पानी नहीं आ रहा है, जिसकी शिकायत कई बार की जा चुकी है, लेकिन समाधान नहीं हुआ।
जलदाय विभाग के सहायक अभियंता दीपक मौर्य ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वे स्वयं मौके पर आकर वास्तविक स्थिति का जायजा लेंगे। उन्होंने कहा कि यदि कर्मचारियों द्वारा कार्य में लापरवाही बरती गई है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।इसके बाद, ग्रामीणों ने उपखंड कार्यालय पहुंचकर गांव की विभिन्न समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया।








