पाली/घुमन्तु दर्पण। अधिक मास के उपलक्ष्य में धर्मार्थ सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय नगर परिक्रमा के दूसरे दिन शहर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। नगर परिक्रमा ऐतिहासिक सोमनाथ मंदिर से प्रारंभ होकर झुंझारजी मंदिर, भूतनाथ महादेव मंदिर, रामदेव मंदिर, सूरजपोल गुरुद्वारा होते हुए बजरंग बाग मंदिर पहुंची।
नगर परिक्रमा के दौरान शहरवासियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। जय श्रीराम के जयघोष और हाथों में भगवा ध्वज लिए हजारों महिला-पुरुष श्रद्धालु परिक्रमा में शामिल हुए।
नगर परिक्रमा को लेकर शहर में उत्साह का माहौल बना हुआ है। परिक्रमा मानपुर भाकरी की ओर अग्रसर हुई, जिसमें आसपास के सैकड़ों गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मार्ग में विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।








