वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

कुत्ते को बचाने के प्रयास में हाईवे पर दर्दनाक हादसा, कॉलेज छात्र की मौत

टोंक/घुमन्तु दर्पण। जयपुर-कोटा नेशनल हाईवे-52 पर शनिवार अलसुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में हरियाणा के एक कॉलेज छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा टोंक सदर थाना क्षेत्र में ओशियन होटल के पास सुबह करीब 4 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार टियागो कार के सामने अचानक एक कुत्ता आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और कार सड़क किनारे लगे एक खंभे से जा टकराई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार चला रहे युवक के सिर में गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलते ही टोंक सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से सभी घायलों को कार से बाहर निकालकर सआदत अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जय सतीजा को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके तीन साथियों का प्राथमिक उपचार किया गया।

टोंक सदर थाने के हेड कॉन्स्टेबल रमेश चंद ने बताया कि मृतक जय सतीजा (20) हरियाणा के फरीदाबाद स्थित गांधी कॉलोनी का निवासी था। वह शुक्रवार रात अपने दोस्तों हर्ष, अभय और यश के साथ चित्तौड़गढ़ में प्रसिद्ध सांवलिया सेठ मंदिर के दर्शन करने के लिए निकला था। शनिवार सुबह टोंक से गुजरते समय उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

पुलिस के अनुसार जय अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी एक छोटी बहन है। बेटे की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। हादसे में घायल तीनों युवकों को उनके परिजन प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हरियाणा ले गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Ghumntu Darpan
Author: Ghumntu Darpan

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें