अजमेर/घुमन्तु दर्पण| अजमेर जिले के बोराडा थाना क्षेत्र के अराई रोड पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में सड़क किनारे खड़ी कार में अचानक आग लगने से चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे में कांग्रेसी नेता रामसिंह चौधरी, उनकी पत्नी सुरज्ञान माता पुसी देवी और भांजी महिमा की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
सूचना पर बोराडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित किया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे। उनके साथ एफएसएल और एमओबी टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रामसिंह चौधरी अपनी बीमार माता को अस्पताल लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में कार में अचानक आग लग गई। वहीं कुछ लोगों ने कार में आग लगाकर हत्या किए जाने की आशंका भी जताई है। पुलिस तकनीकी खराबी, शॉर्ट सर्किट सहित हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।








