गुरला/घुमन्तु दर्पण । स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल, बागोर, ब्लॉक मांडल में आयोजित जिला स्तरीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता का बुधवार, 23 सितंबर को उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हुआ। प्रतियोगिता में 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं की चार श्रेणियों में मुकाबले आयोजित किए गए।प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने भाग लेकर खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रामपुरिया, कोचरिया, इटरिया, रूपाहेली, मांडल, एमजीजीएस मांडल, संगम स्कूल, सोफिया स्कूल एवं सेंट्रल एकेडमी भीलवाड़ा सहित विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने मुकाबलों में हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के आयोजन में विभागीय प्रतिनिधि एवं राजकीय प्रेम देवी विद्यालय, बागोर के उपप्रधानाचार्य मुकेश कुमार जैन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। तकनीकी सलाहकार कमलेश काबरा ने तकनीकी मार्गदर्शन दिया। प्रकाश चंद्र माली की उपस्थिति रही। चयन समिति में अंजना फतेहपुरिया ने निर्णायक की भूमिका निभाई।समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विजेता, उपविजेता एवं तृतीय स्थान की ट्रॉफियां प्रदान की गईं। साथ ही प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त खिलाड़ियों को क्रमश: स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि मनीष शर्मा ने प्रतियोगिता के समापन की औपचारिक घोषणा की। विद्यालय के प्रधानाचार्य मनीष गढ़वाल ने अतिथियों, निर्णायकों, तकनीकी अधिकारियों, शारीरिक शिक्षकों, सहयोगी स्टाफ एवं खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया।पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों में उत्साह और खेल भावना का माहौल रहा। प्रतियोगिता में चयनित विजेता टीम अब राज्य स्तरीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी। विद्यालय परिवार ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।








