वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

दिल्ली में आसींद के खिलाड़ियों का दबदबा, मुंबई को 15-5 से हराकर सिद्धार्थ ग्लोबल अकैडमी बनी नेशनल चैंपियन

आसींद/घुमन्तु दर्पण(परमवीर सिंह कटार)। राष्ट्रीय बेसबॉल लिटिल लीग चैंपियनशिप 2026 में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए सिद्धार्थ ग्लोबल अकैडमी आसींद के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। नई दिल्ली के विकासपुरी स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 29 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में देशभर की 16 प्रमुख टीमों ने हिस्सा लिया। इसमें आसींद की टीम ने एक स्वर्णिम खिताब और एक कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया।

फाइनल में मुंबई को 15-5 से दी शिकस्त

प्रतियोगिता के 14 वर्ष आयु वर्ग के फाइनल मुकाबले में सिद्धार्थ ग्लोबल अकैडमी की टीम ने बेहतरीन खेल कौशल और शानदार तालमेल का परिचय देते हुए मुंबई की टीम को 15-5 से पराजित किया। इस शानदार जीत के साथ आसींद की टीम ने राष्ट्रीय चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

12 वर्ष वर्ग में भी लहराया परचम

अकैडमी के खिलाड़ियों ने 12 वर्ष आयु वर्ग में भी शानदार प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबलों के बाद टीम ने प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीता। दोनों आयु वर्गों में मिली सफलता से विद्यालय और क्षेत्र में खुशी की लहर है।

एशियन गेम्स लिटिल लीग के लिए जनवरी में होगा चयन

विद्यालय की प्रधानाचार्य पुष्पा यादव ने बताया कि विजेता टीम के खिलाड़ियों में से एशियन गेम्स लिटिल लीग के लिए भारतीय अंतरराष्ट्रीय टीम का चयन जनवरी माह में किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।इस उपलब्धि में कोच विनोद चोपदार और पुष्पा गुर्जर तथा टीम मैनेजर नसीब पठान का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं 14 वर्ष आयु वर्ग की टीम का नेतृत्व कप्तान दुष्यंत सिंह सांखला और 12 वर्ष आयु वर्ग की टीम की कमान साकिब आलम पठान ने संभाली।दिल्ली से राष्ट्रीय खिताब और कांस्य पदक जीतकर आसींद लौटी दोनों टीमों का स्थानीय खेल प्रेमियों, प्रबुद्ध नागरिकों और विद्यालय परिवार की ओर से भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

Ghumntu Darpan
Author: Ghumntu Darpan

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें