भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। भीलवाड़ा फर्नीचर व्यापार संघ की ओर से शिक्षा एवं समाज सेवा के संकल्प के साथ आयोजित सात दिवसीय सेवा सप्ताह रविवार को सम्पन्न हुआ। अभियान के दौरान शहर के विभिन्न राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों के हित में सेवा गतिविधियां आयोजित की गईं। सेवा सप्ताह के तहत शास्त्री नगर, सिंधु नगर, पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बापूनगर, शाहजी मोहल्ला, आरसी व्यास कॉलोनी, रीको एरिया एवं बिलिया खुर्द सहित विभिन्न विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को स्कूल यूनिफॉर्म, टाई, बेल्ट, स्कूल शूज एवं आवश्यक शिक्षण सामग्री वितरित की गई।

संघ अध्यक्ष नवरतन अजमेरा ने बताया कि सात दिनों तक चले सेवा अभियान के दौरान सैकड़ों विद्यार्थियों तक सेवा पहुंचाने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि बच्चों के चेहरों पर खुशी और मुस्कान ही अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धि रही। संघ का उद्देश्य केवल सामग्री वितरण करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित कर उनमें आत्मविश्वास पैदा करना भी है।
सेवा अभियान में राकेश बाबेल, महावीर जांगिड़, सतीश लड्डा, राहुल माहेश्वरी, गिरधारी डागा, निशांत अग्रवाल एवं हनुमान अग्रवाल सहित अनेक सेवा कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।संघ अध्यक्ष ने सभी भामाशाहों, सहयोगकर्ताओं एवं सेवा कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही यह सेवा अभियान सफल हो सका। संघ पदाधिकारियों में अध्यक्ष नवरतन अजमेरा, सचिव गिरधारी डागा एवं कोषाध्यक्ष निशांत अग्रवाल शामिल रहे।








