भीलवाड़ा-बिजौलिया/घुमन्तु दर्पण। शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में पिछले नौ माह से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को बिजौलिया थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी पर जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार जिले में फरार एवं वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य एवं वृत्ताधिकारी योगेश शर्मा के सुपरविजन में बिजौलिया थाना प्रभारी स्वागत पाण्डया तथा डीएसटी टीम ने मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर आरोपी का पीछा किया और उसे धर दबोचा।
पुलिस ने बताया कि आरोपी रोडूलाल (46) पुत्र सुल्तान बंजारा, निवासी गोरधनपुरा, थाना बिजौलिया, को चित्तौड़गढ़ से गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ बिजौलिया थाने में शादी का झूठा वादा कर दुष्कर्म करने का मामला दर्ज है। वारदात के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था, जिसकी तलाश पुलिस पिछले नौ माह से कर रही थी। अब गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है।








