डेगाना/घुमन्तु दर्पण(सुशील लोरा)|डेगाना उपखंड के ग्राम पालियास स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत व्याख्याता श्रीमती धापू देवी बिश्नोई के तबादले के विरोध में शनिवार को विद्यार्थियों ने तलाबंदी कर विद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने शिक्षक को यथावत रखने की मांग करते हुए शिक्षा व्यवस्था प्रभावित होने की बात कही। इस संबंध में ग्राम पंचायत पालियास की सरपंच शारदा कस्वा सहित ग्रामीण एवं छात्रों ने विधायक अजय सिंह किलक के नाम से ज्ञापन भेजा जिसमें बताया गया कि शिक्षिका श्रीमती धापूदेवी बिश्नोई पिछले लगभग 9 वर्षों से विद्यालय में सेवाएं दे रही हैं। उनके स्थानांतरण से विद्यालय में संबंधित विषय के व्याख्याता का पद रिक्त हो जाएगा तथा विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होगी। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि विद्यालय में अन्य विषय के लिए भी पद रिक्त चल रहे है। ओर कोई व्याख्याता उपलब्ध नहीं है। ऐसे में विद्यार्थियों के हित को देखते हुए तबादला निरस्त करवाकर शिक्षिका को विद्यालय में यथावत रखने की मांग की गई है। विद्यालय के बाहर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने स्कूल के मुख्य गेट के तालाबंदी कर नारेबाजी की और शिक्षक को नहीं हटाने की मांग उठाई। विद्यार्थियों का कहना था कि पढ़ाई के बीच में शिक्षक के स्थानांतरण से उनकी शैक्षणिक तैयारी पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। ग्राम पंचायत एवं विद्यार्थियों ने विधायक से इस मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर शिक्षा विभाग से तबादला निरस्त कराने की मांग की है, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई निर्बाध रूप से जारी रह सके।








