पाली/घुमन्तु दर्पण।सुरायता स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य देवेंद्रसिंह मीणा के स्थानांतरण के विरोध में सोमवार को ग्रामीणों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं ने विद्यालय के मुख्य द्वार पर शांतिपूर्ण धरना देकर तबादला निरस्त करने की मांग उठाई। बाद में सोजत विधायक शोभा चौहान द्वारा स्थानांतरण निरस्त कराने का आश्वासन दिए जाने पर धरना समाप्त कर दिया गया।ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय में वर्षों से प्रधानाचार्य का पद रिक्त था। करीब नौ माह पूर्व देवेंद्रसिंह मीणा ने कार्यभार संभाला, जिसके बाद विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था, खेलकूद गतिविधियों और आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ। उनके स्थानांतरण से विद्यार्थियों के भविष्य और विद्यालय के विकास कार्य प्रभावित होने की आशंका है।
धरने के दौरान ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने प्रधानाचार्य द्वारा किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि उनके प्रयासों से भामाशाहों के सहयोग से करीब 35 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणाएं हुईं। विद्यालय में मुख्य प्रवेश द्वार, सोलर प्लांट, पेयजल व्यवस्था, पार्किंग, रसोई शेड, खेल मैदान का विकास, अतिरिक्त कक्षाओं का संचालन, विद्यार्थियों के घर-घर जाकर शैक्षणिक फीडबैक, निजी शिक्षिकाओं की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, पंखे-लाइट, पौधारोपण और शैक्षणिक भ्रमण जैसी कई पहलें की गईं। विद्यालय ने पहली बार कक्षा 1 से 12 तक शत-प्रतिशत उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम भी हासिल किया और खेलों में विद्यार्थियों का राज्य स्तर तक चयन हुआ।
ग्रामीणों ने मोबाइल पर सोजत विधायक शोभा चौहान और पूर्व सांसद पुष्प जैन से बातचीत कर विद्यार्थियों के हित में तबादला निरस्त करने की मांग रखी। विधायक ने इस संबंध में सकारात्मक प्रयास कर प्रधानाचार्य को पुनः विद्यालय में नियुक्त कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद अभिभावकों, ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं ने अपना धरना समाप्त कर दिया।धरने में सत्यनारायण वैष्णव, पुखसिंह राजपुरोहित, मूलसिंह राजपुरोहित, मोटाराम मेघवाल, पपसा दायमा, दिलीप बावरी, किशोरसिंह राजपुरोहित, भगवत सिंह राजपूत, भीकाराम देवासी, मूलाराम देवासी सहित विभिन्न समाजों के बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।








