वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

एमजी अस्पताल में प्रसूताओं की मौत पर कांग्रेस का विरोध, निष्पक्ष जांच व दोषियों पर कार्रवाई की मांग

भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। महात्मा गांधी चिकित्सालय में हाल ही में अल्प अवधि के भीतर हुई प्रसूताओं की मौत के मामलों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) ने सोमवार को जिला कलेक्टर के माध्यम से राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष शिवराम खटीक के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में घटनाओं की उच्च स्तरीय, निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।

कांग्रेस का कहना है कि कम समय में हुई इन मौतों ने जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और आमजन का भरोसा भी प्रभावित हुआ है। ज्ञापन में कहा गया है कि यदि जांच में चिकित्सीय, प्रशासनिक या प्रबंधन स्तर पर किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों, चिकित्सकों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।कांग्रेस ने मृतक महिलाओं के परिजनों को उचित आर्थिक सहायता देने तथा उन्हें न्याय दिलाने की भी मांग उठाई है। साथ ही अस्पताल की मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, ऑपरेशन थियेटर, दवाओं की उपलब्धता और अन्य चिकित्सा संसाधनों की व्यापक समीक्षा कर आवश्यक सुधार किए जाने की बात कही गई है।

ज्ञापन में अस्पताल में चिकित्सकों, विशेषज्ञों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के रिक्त पदों को शीघ्र भरने, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कार्ययोजना लागू करने की मांग भी शामिल है।जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा कि मातृ स्वास्थ्य की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। पूरे मामले की जांच निर्धारित समय-सीमा में पूरी कर उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए, ताकि स्वास्थ्य व्यवस्था के प्रति आमजन का विश्वास फिर से कायम हो सके।

Ghumntu Darpan
Author: Ghumntu Darpan

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें