विनायक विद्यापीठ के पास मचा हड़कंप, देखते ही देखते जलकर खाक हुई कार
गुरला/घुमन्तु दर्पण (बद्री लाल माली)। नेशनल हाईवे-758 पर गुरला स्थित विनायक विद्यापीठ के पास रविवार को एक चलती कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। हालांकि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भीलवाड़ा की ओर से आ रही कार जैसे ही विनायक विद्यापीठ के समीप पहुंची, उसके इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। स्थिति भांपते हुए चालक ने तुरंत वाहन सड़क किनारे रोका और बाहर निकल गया। इसके कुछ ही क्षण बाद कार में आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। राहत की बात यह रही कि चालक समय रहते वाहन से बाहर निकल गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।








