भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण।भीलवाड़ा के प्रमुख शिवाजी गार्डन में नगर विकास न्यास (UIT) द्वारा हाल ही में लाखों रुपये की लागत से तैयार करवाए गए सिंथेटिक ट्रैक की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि करीब एक महीने पहले ही तैयार हुए ट्रैक की हालत खराब होने लगी है। कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और ट्रैक की ऊपरी परत उखड़ रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि निर्माण कार्य में तय गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया गया। उनका दावा है कि ट्रैक से उखड़ रही सामग्री को देखने पर ऐसा प्रतीत होता है कि बाइंडिंग के लिए आवश्यक केमिकल और अन्य सामग्री का सही अनुपात में उपयोग नहीं किया गया, जिसके कारण लाल बजरी जैसी सामग्री आसानी से बिखर रही है।
लोगों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत से सार्वजनिक धन का दुरुपयोग हुआ है। उन्होंने पूरे निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच कराने, गुणवत्ता की जांच करवाने और दोषी ठेकेदार व जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।








