जैसलमेर/घुमन्तु दर्पण। जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए नाचना उपनिवेशन विभाग के पटवार हल्का अजासर के पटवारी लखवीर यादव और उसके कथित निजी दलाल जेटूसिंह को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद राजस्व एवं उपनिवेशन विभाग में हड़कंप मच गया। एसीबी की टीम दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा पटवारी के सरकारी आवास पर तलाशी भी ली जा रही है।
खेत की तरमीन और रिकॉर्ड इंद्राज के बदले मांगी थी रिश्वत
एसीबी के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने जैसलमेर एसीबी चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, उसके पिता के खेत की पुनः तरमीन सीमा निर्धारण, राजस्व रिकॉर्ड में इंद्राज तथा पैमाइश की मौका रिपोर्ट तैयार करने के बदले पटवारी लखवीर यादव अपने निजी दलाल जेटूसिंह के माध्यम से 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। रिश्वत नहीं देने पर परिवादी को लंबे समय से कार्यालय के चक्कर लगवाकर परेशान किया जा रहा था।
सत्यापन के बाद बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत की मांग सही पाई गई। इसके बाद शुक्रवार को ट्रैप की कार्रवाई की गई। परिवादी ने पटवारी के निर्देश पर दलाल जेटूसिंह को 50 हजार रुपये दिए, तभी पहले से घात लगाए बैठी एसीबी टीम ने दोनों आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई।एसीबी ने दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और आय से अधिक संपत्ति सहित अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।







