गोपाल लाल माली हमले के विरोध में माली समाज का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच और झूठा मुकदमा हटाने की मांग
भीलवाड़ा/बद्री लाल माली)। गोपाल लाल माली पर हुए कथित जानलेवा हमले के मामले को लेकर राजस्थान प्रदेश माली (सैनी) महासभा, माली युवा सेवा संस्थान, माली सैनी कर्मचारी एवं अधिकारी विकास सेवा संस्था, फुलेरिया माली समाज संपत्ति ट्रस्ट एवं अन्य सामाजिक संगठनों के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भीलवाड़ा कलेक्ट्रेट के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई तथा गोपाल लाल माली के परिजनों पर दर्ज कथित झूठा मुकदमा हटाने की मांग की गई।
प्रदर्शन में गंगापुर, रायपुर, मांडल, बनेड़ा, रायला, गुरला, कारोई, राजसमंद, अजमेर, विजय नगर, किशनगढ़ सहित विभिन्न क्षेत्रों से समाज के लोग शामिल हुए।राजस्थान प्रदेश माली (सैनी) महासभा के जिला अध्यक्ष भैरूलाल माली ने कहा कि गोपाल लाल माली लंबे समय से सामाजिक सरोकारों और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य उपलब्ध होने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई, जबकि पीड़ित पक्ष के परिजनों पर ही मुकदमा दर्ज कर दिया गया।माली युवा सेवा संस्थान के अध्यक्ष सत्यनारायण सोपारिया ने मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की। फुलेरिया माली समाज संपत्ति ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश गढ़वाल ने कहा कि पुलिस सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई करे।
माली सैनी कर्मचारी एवं अधिकारी विकास सेवा संस्था के अध्यक्ष तोताराम सांखला ने कहा कि समाज का उद्देश्य किसी के साथ अन्याय करना नहीं, बल्कि पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाना है। समाज के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेश स्तर पर चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।ज्ञापन सौंपने के दौरान समाज के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।








