अजमेर/घुमन्तु दर्पण (रेखा कुमावत)|अजमेर के पीसांगन स्थित भूतिया ढाणी में खेत पर कृषि कार्य करते वक्त पैर फिसलकर कुएं में गिरने से किसान की मौत हो गई। मामले की सूचना पर मौके पर पहुंचे एएसआई सुरेंद्र कुमार व कांस्टेबल सुखाराम माली ने ग्रामीणों की मदद से मृतक किसान के शव को कुंए से बाहर निकलवाकर अस्पताल भिजवाया। जहां पर चिकित्सको ने स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत किसान को मृत घोषित कर दिया। इस पर एएसआई सुरेंद्र कुमार व कांस्टेबल सुखाराम माली ने मृतक किसान के बड़े भाई की रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए। मृतक के शव का सीएचसी प्रभारी राजेंद्र सिंह लामरोड़ से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर मामले की जांच पड़ताल शुरू की। पीसांगन थानाधिकारी सरोज चौधरी के मुताबिक कस्बे के भूतिया ढाणी निवासी चंदनमल कुमावत ने दी रिपोर्ट में बताया कि सवेरे करीब 6 बजे वह अपने 28 वर्षीय छोटे भाई टीकमचंद कुमावत के साथ अपने खेत पर फसल बुवाई करने के लिहाज से सूड़ करने गए थे। खेत पर सूड़ करने के दौरान प्यास लगने पर छोटा भाई टीकमचंद कुमावत कुंए से पीने के लिए पानी लेने गया। कुंए से पानी खेंचते वक्त टीकमचंद का अचानक पैर फिसलने के कारण वह कुंए में जा गिरा। कुंए से धड़ाम की आवाज आने पर वह अपने भाई को बचाने के लिए कुंए की ओर दौड़ा, लेकिन तब तक उसका भाई टीकमचंद पानी में समा चुका था। इस पर उसने मामले से परिजनों व पड़ोसियों को अवगत करवाया। जिन्होंने पुलिस प्रशासन को सूचना दी। थानाधिकारी सरोज चौधरी ने बताया कि मामले की सूचना पर उन्होंने एएसआई सुरेंद्र कुमार व कांस्टेबल सुखाराम माली को मौके पर भिजवाया। जिन्होंने मौका मुआयना करते हुए। ग्रामीणों की मदद से टीकमचंद को कुंए से बाहर निकलवाकर अस्पताल भिजवाया। जहां पर चिकित्सक राजेंद्र सिंह लामरोड़ व सुरेंद्र कुमार चौधरी ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद टीकमचंद को मृत घोषित कर दिया।








