पाली/घुमन्तु दर्पण(सुरेश पंवार)। मारवाड़ के मांडा क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने से किसानों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। परेशान ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत प्रशासक कालूराम सिरवी के नेतृत्व में मांडा पावर हाउस पहुंचकर विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली नहीं मिलने से करीब 50 बेरों पर पेयजल संकट गहरा गया है और पशुओं को पानी पिलाना भी मुश्किल हो गया है। वहीं कृषि कार्य भी पूरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। किसानों ने विभाग को ज्ञापन सौंपकर दो पारियों में थ्री फेज बिजली आपूर्ति की मांग की है।

ग्रामीणों ने आम रास्तों पर नीचे झूल रहे बिजली तारों को भी हादसे का खतरा बताते हुए जल्द ठीक कराने की मांग की। साथ ही लाइनमैनों पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए समय पर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की बात कही। किसानों ने चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो सड़क जाम कर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
वहीं जेईएन अनिल प्रजापत ने बताया कि पिछले दिनों तेज बारिश और आंधी के कारण बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई है। विभाग की टीमें युद्ध स्तर पर काम कर रही हैं और जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।








