जोधपुर/घुमन्तु दर्पण। सोशल मीडिया ट्रोलिंग और कथित धमकियों से परेशान होकर इंस्टाग्राम लाइव के दौरान जहर पीने वाली जोधपुर की प्रसिद्ध सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर अनिता बिश्नोई की हालत में अब सुधार बताया जा रहा है। फिलहाल उन्हें जोधपुर के मथुरादास माथुर (एमडीएम) अस्पताल के आईसीयू में भर्ती रखा गया है, जहां डॉक्टरों की विशेष टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है।
एमडीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित ने बताया कि 3 जून को अनिता बिश्नोई को बेहद गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। इमरजेंसी में तत्काल इलाज शुरू किया गया, जिसके बाद उनकी स्थिति में सुधार हुआ है। हालांकि शरीर में जहर का असर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है, इसलिए अगले दो से तीन दिनों तक उन्हें सघन निगरानी में रखा जाएगा।
जानकारी के अनुसार 32 वर्षीय अनिता बिश्नोई मूल रूप से जैसलमेर जिले के लाठी गांव की रहने वाली हैं और वर्तमान में उनका परिवार जोधपुर में निवास करता है। सोशल मीडिया पर अनिता ग्रामीण जीवन, खेती-किसानी और राजस्थानी संस्कृति से जुड़े वीडियो बनाने के लिए जानी जाती हैं। उनके लाखों फॉलोअर्स हैं।
घटना से कुछ घंटे पहले अनिता ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा की थी, जिसमें लिखा था आज के बाद आपकी बहन इस दुनिया में नहीं दिखेगी। पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया और लोगों ने उन्हें हिम्मत रखने की अपील करनी शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि घटना के समय उनके पति दीनाराम घर पर मौजूद नहीं थे। अनिता की पोस्ट देखने के बाद एक परिचित ने उन्हें फोन कर सूचना दी। इसके बाद दीनाराम तुरंत घर पहुंचे और अचेत अवस्था में अनिता को अस्पताल पहुंचाया, जिससे समय रहते उनका इलाज शुरू हो सका।
पति दीनाराम ने आरोप लगाया है कि पिछले कई दिनों से कुछ स्थानीय इन्फ्लूएंसर्स उनकी पत्नी को सोशल मीडिया पर ट्रोल कर रहे थे। उन्होंने बताया कि एक व्यंग्यात्मक वीडियो “कपड़े हो गए छोटे तो शर्म कहां से आएगी” को लेकर विवाद खड़ा किया गया और वॉट्सऐप मैसेज के जरिए भी अनिता को बदनाम करने तथा धमकियां देने का सिलसिला जारी था। उनका आरोप है कि लगातार मानसिक दबाव के चलते अनिता टूट गईं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और सोशल मीडिया चैट्स, डिजिटल फुटप्रिंट्स व धमकी भरे संदेशों की पड़ताल की जा रही है।








