बीकानेर/घुमन्तु दर्पण (सुरेश जैन)। शनिवार रात अवैध जिप्सम खनन की सूचना पर खान विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसील बज्जू के तेजपुरा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में सरकारी भूमि से अवैध खनन करते एक जेसीबी मशीन और एक डंपर जब्त किया।
जानकारी के अनुसार विद्यालय परिसर में शौचालय और पानी की टंकी निर्माण कार्य के दौरान खुदाई में निकले जिप्सम को डंपर में लोड किया जा रहा था। मौके पर पहुंची टीम ने जांच के दौरान लगभग 55 टन जिप्सम का अवैध खनन पाया। हालांकि कार्रवाई के समय खनन में संलिप्त कोई व्यक्ति मौके पर मौजूद नहीं मिला।
खनि अभियंता महेश प्रकाश पुरोहित ने बताया कि मामले में कुल 3,30,400 रुपये की शास्ति आरोपित की गई है। वहीं खनिकार्यदेशक अनिरुद्ध सिंह भाटी की ओर से बज्जू पुलिस थाना में अवैध खनन को लेकर एफआईआर दर्ज करवाई गई है।कार्रवाई के दौरान मदन सिंह यादव, अनिरुद्ध सिंह भाटी तथा पुलिस निरीक्षक जगदीश प्रसाद सहित बज्जू पुलिस का जाब्ता मौजूद रहा। मामले की आगे जांच की जा रही है।








