भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण| न्यू बापू नगर में दी माउंटेन एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट्स द्वारा आयोजित 10 दिवसीय ‘नो स्क्रीन समर कैंप’ का सोमवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। शिविर में शामिल बालक-बालिकाओं ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और मानसून में अधिक से अधिक पेड़ लगाने का संकल्प लिया।
मुख्य प्रशिक्षक सभ्यता शर्मा ने बताया कि 6 जून से 16 जून तक आयोजित इस शिविर में बच्चों को मोबाइल और स्क्रीन से दूर रखकर विभिन्न रचनात्मक और शारीरिक गतिविधियों से जोड़ा गया। समापन के अवसर पर प्रतिभागियों ने बापू नगर स्थित आयुर्वेदिक चिकित्सालय परिसर में पौधे लगाए।
शिविर के दौरान बच्चों को डांस, आर्ट एंड क्राफ्ट, योगासन, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, फायरलेस कुकिंग, पोस्टर प्रतियोगिता और वृक्षारोपण जैसी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। आत्मरक्षा प्रशिक्षण में बच्चों ने पंच, ब्लॉक और किक जैसी तकनीकों के जरिए कठिन परिस्थितियों में स्वयं की रक्षा करना सीखा।
शिविर के सफल आयोजन में एकेडमी के सीनियर खिलाड़ियों अनन्या आचार्य, कुशाल सिंह शक्तावत, स्निधा आरना, हिमाक्षी शर्मा, काव्या भारद्वाज, वंदिता प्रजापत, कनिष्क आचार्य, नेहा खटीक, लक्ष्मी कोली, उर्वी श्रीवास्तव, शिवांश व्यास, न्यासा बारेठ, आराध्या बोहरा, आरना भाटिया और गर्वित चंद ने सक्रिय भूमिका निभाई।
पोस्टर प्रतियोगिता के विजेताओं को आयुर्वेदिक चिकित्सालय की मुख्य चिकित्साधिकारी उगंता मीणा, ज्योति दाधीच, निर्मला बैरवा तथा एकेडमी निदेशक ऋतिक ओझा ने प्रमाण पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया।
प्रतिभागियों ने बताया कि इस तरह का शिविर पहली बार क्षेत्र में आयोजित हुआ, जिसमें उन्हें नई-नई गतिविधियों के साथ आत्मरक्षा का विशेष प्रशिक्षण मिला। समापन समारोह में बच्चों के उत्साह को देखते हुए निदेशक ऋतिक ओझा ने भविष्य में ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन अवकाश में इस तरह के शिविर लगातार आयोजित करने की घोषणा की।








