वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

सहकारी उत्पादों को बढ़ावा देने से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था जिला कलेक्टर निशान्त जैन

संभाग की 51 सहकारी समितियों के उत्पादों का सहकार मेले में प्रदर्शन, जिला कलेक्टर ने किया अवलोकन

बीकानेर/घुमन्तु दर्पण(सुरेश जैन)। जिला कलेक्टर निशान्त जैन ने सोमवार को ग्रामीण हाट में आयोजित संभाग स्तरीय सहकार मेले का अवलोकन किया। मेले में बीकानेर संभाग की 51 सहकारी समितियों की ओर से तैयार विभिन्न उत्पादों की स्टॉल लगाई गई हैं। जिला कलेक्टर ने प्रत्येक स्टॉल पर पहुंचकर उत्पादों की जानकारी ली तथा उनकी गुणवत्ता, उपयोगिता और बिक्री की स्थिति के बारे में स्टॉल संचालकों से संवाद किया।इस अवसर पर जिला कलेक्टर ने कहा कि सहकारी संस्थाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सहकारी समितियों के माध्यम से छोटे उत्पादकों, कारीगरों, किसानों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन के लिए बेहतर मंच मिलता है। ऐसे आयोजन उत्पादकों और उपभोक्ताओं के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने में सहायक हैं।

उन्होंने आमजन से मेले में पहुंचकर स्थानीय सहकारी उत्पादों की खरीद को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिलने से सहकारी समितियों की आय बढ़ेगी और उनसे जुड़े कारीगरों एवं उत्पादकों को आर्थिक संबल मिलेगा। साथ ही सहकारी समितियों को उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने, आकर्षक पैकेजिंग करने और विपणन के नए माध्यम विकसित करने की सलाह दी।जिला कलेक्टर ने मेले में प्रदर्शित केर-सांगरी, कच्ची घाणी का तेल, देसी शहद, जैविक मोटे अनाज से बने उत्पाद, हैंडीक्राफ्ट आइटम, पापड़, भुजिया, बड़ी, हर्बल उत्पाद, सूखी सब्जियां और विभिन्न हस्तशिल्प वस्तुओं का अवलोकन किया। उन्होंने उत्पादों की विशेषताओं एवं बाजार में उनकी मांग के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

अतिरिक्त रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां संजय गर्ग ने बताया कि यह मेला 31 अक्टूबर से 3 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है। इसमें बीकानेर संभाग की विभिन्न सहकारी समितियों द्वारा उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जा रहा है। मेले में प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से आमजन को स्थानीय कला एवं संस्कृति से रूबरू होने का अवसर मिल रहा है।इस दौरान उप रजिस्ट्रार प्रियंका जांगिड़, सहायक रजिस्ट्रार रोहित कस्वां, गायत्री शर्मा, कपिला चोयल, उमाकांत व्यास, कनुप्रिया और भरत कुमार थानवी सहित विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Ghumntu Darpan
Author: Ghumntu Darpan

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें