भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। श्री अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के तत्वावधान में शनिवार को शहर में क्षत्राणी संगम एवं क्षत्राणी गौरव सम्मान समारोह का आयोजन उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। समारोह में समाज की प्रतिभाशाली एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं का सम्मान कर उन्हें प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उड़ीसा के जसपुर से कुंवर विक्रमादित्य सिंह एवं कुंवारानी जया जुदेव रहे, जबकि अध्यक्षता भंवर बाईसा ने की। विशिष्ट अतिथियों में भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष आरती कोगटा, साधना मेला, उषा अग्रवाल एवं महिला थाना प्रभारी मेघना त्रिपाठी शामिल रहीं।महासभा की अध्यक्ष माया राठौड़ ने बताया कि समारोह का उद्देश्य महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मानित करने के साथ समाज की युवतियों और महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
प्रतियोगिताओं में चमकी प्रतिभाएं
समारोह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया। मिस सावन सुरंगों का खिताब सुनिधी बाईसा, मिसेज सावन सुरंगों रजनी जादौन, क्यूट बाईसा लक्षिता राठौड़, बेस्ट पोशाक जिया सिंह, बेस्ट डांसर एवं घूमर क्वीन तेजस्विनी बाईसा तथा मृगनयनी का खिताब कविता आमेरा ने जीता। प्रतियोगिताओं का निर्णायक मंडल डॉ. प्रतिष्ठा ठाकुर, चेतना राठौड़ एवं धन कंवर रहा।
राजस्थानी संस्कृति की छटा बिखरी
समारोह में राजस्थानी लोकगीतों, ओजस्वी गीतों और घूमर नृत्य की प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। पारंपरिक परिधानों में महिलाओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरा परिसर राजस्थानी संस्कृति, गौरव और उल्लास से गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम में दुर्गा बाईसा, मीनाक्षी कंवर, गीता राठौड़, सुप्रिया चुंडावत सहित बड़ी संख्या में क्षत्राणियां एवं महिलाएं मौजूद रहीं।








