पाली/घुमन्तु दर्पण(सुरेश पवार)। कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ के अवसर पर जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, पाली द्वारा रविवार को शहीद स्मारक, पाली में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सीलिंग) श्रीमती ओम प्रभा तथा जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल गजेंद्र सिंह राठौड़ ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर बांगड़ कॉलेज के 50 एनसीसी कैडेट्स, बड़ी संख्या में भूतपूर्व सैनिक तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान पाली जिले के कारगिल युद्ध में भाग लेने वाले भूतपूर्व सैनिकों हो. कैप्टन प्रेम राज चौधरी, हवलदार वेना राम, नायक नारायण सिंह जैतावत, सूबेदार मांगी लाल, सूबेदार फतेह सिंह, सूबेदार मेजर सुमेर सिंह चौहान, नायब सूबेदार शंकर सिंह शेखावत तथा हो. कैप्टन लक्ष्मण सिंह राजपुरोहित का मुख्य अतिथि द्वारा केसरिया साफा पहनाकर सम्मान किया गया।
समारोह का संचालन मेकेनाइज्ड इन्फैंट्री के हो. कैप्टन लक्ष्मण सिंह राजपुरोहित ने किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ।






