पाली/घुमन्तु दर्पण(सुरेश पंवार)।पाली के औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में गेटमैन की ड्यूटी के दौरान हुए हादसे में एक युवक की मौत के बाद परिजनों और समाज के लोगों ने मुआवजे एवं कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया। मृतक के परिजन अपनी मांगें पूरी होने तक पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार करते रहे।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को फैक्ट्री में ड्यूटी पर तैनात भैराराम पुत्र मगाराम पर अचानक लिफ्ट गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल बांगड़ अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।शनिवार को मृतक के परिजन एवं समाज के लोग अस्पताल परिसर में धरने पर बैठ गए। उन्होंने मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने तथा फैक्ट्री मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। परिजनों का कहना है कि भैराराम अपने तीन बच्चों और करीब 90 वर्षीय वृद्ध मां का एकमात्र सहारा था। कुछ माह पहले उसकी पत्नी का भी निधन हो चुका था, जिससे परिवार पूरी तरह संकट में आ गया है।
धरने के दौरान पाली जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिशुपाल सिंह राजपुरोहित भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। प्रशासन की ओर से ग्रामीण सीईओ अमर सिंह रत्नू और सदर थाना अधिकारी कपूराराम सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा परिजनों से चार दौर की वार्ता की। हालांकि खबर लिखे जाने तक कोई सहमति नहीं बन सकी थी और परिजन अपनी मांगों पर अड़े हुए थे। मांगें पूरी नहीं होने तक उन्होंने पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार कर दिया।








