गुरला-भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार की केंद्रीय टीम ने शनिवार को सुवाणा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत कारोई का दौरा कर केंद्र सरकार की विभिन्न ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन का निरीक्षण किया। टीम ने विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों की सराहना की।निरीक्षण के दौरान टीम ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कारोई पहुंचकर पौधारोपण किया तथा पूर्व में मियांवाकी पद्धति से विकसित किए गए पौधों का अवलोकन कर उनकी प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान विद्यालय परिसर में कार्यरत श्रमिकों से संवाद करते हुए उन्हें वीबीजी रामजी योजना की जानकारी भी दी गई।
इसके बाद केंद्रीय टीम ने प्रधानमंत्री आवास योजना की लाभार्थी शीला पत्नी राजू सिंह को उनके नए आवास की चाबी सौंपकर गृह प्रवेश कराया। टीम ने लाभार्थी से योजना के तहत मिले लाभ और निर्माण कार्य की जानकारी भी ली।दौरे के दौरान गांव में निर्मित सामुदायिक शौचालय, सोलर स्ट्रीट लाइट, ओपन जिम तथा प्रार्थना सभा के लिए निर्माणाधीन टिन शेड का भी निरीक्षण किया गया। टीम ने इन कार्यों की गुणवत्ता, उपयोगिता और समयबद्ध क्रियान्वयन की सराहना करते हुए इन्हें ग्रामीण विकास का सकारात्मक उदाहरण बताया।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त निदेशक ग्रामीण विकास मंत्रालय महेंद्र कुमार उज्जैनिया, उप सचिव प्रभात कुमार, घनश्याम मीणा एवं सरदार सिंह सोलंकी, जिला परिषद के अधिशासी अभियंता एवं वीबीजी रामजी योजना प्रभारी विनय पंचोली, जिला समन्वयक अब्दुल रशीद शेख, एमआईएस मैनेजर जितेंद्र गुरनानी, विकास अधिकारी आशीष स्वर्णकार, सहायक अभियंता भगवती लाल टेलर, प्रशासक मुकेश लोहार, ग्राम विकास अधिकारी शीला मीणा, विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित अन्य अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।








