पाली/घुमन्तु दर्पण(सुरेश पवार)| निकटवर्ती गांव राजकियावास खुर्द एवं राजकियावास कला में पेयजल और बिजली की समस्या को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए उपखंड अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर शीघ्र स्थायी समाधान की मांग की।
भैराराम जाट ने बताया पिछले करीब 20 दिनों से जल जीवन मिशन (जेजेएम) के तहत गांव में मीठे पानी की नियमित आपूर्ति बंद है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आक्रोशित ग्रामीणों ने जलदाय विभाग कार्यालय के बाहर मटकी लेकर जोरदार प्रदर्शन किया| ग्रामीणों ने बताया कि पानी की आपूर्ति बंद होने के कारण उन्हें पीने और दैनिक उपयोग के लिए 800 से 1000 रुपये खर्च कर निजी पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। इसके अलावा मीठे पानी के लिए एक गांव से दूसरे गांव जाना पड़ रहा है, जिससे आमजन को आर्थिक और मानसिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसके बाद ग्रामीणों ने मारवाड़ जंक्शन एसडीएम कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। पूर्व सरपंच हनीफ खां ने बताया कि दोनों गांवों में लंबे समय से पेयजल के साथ-साथ बिजली की समस्या भी बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन से दोनों समस्याओं का शीघ्र एवं स्थायी समाधान करने की मांग की। इस संबंध में जलदाय विभाग के कनिष्ठ सहायक अभियंता दीपक कुमार मौर्य ने बताया कि पीएचईडी की पानी की मोटर में तकनीकी खराबी आ गई थी। अब मोटर की मरम्मत कर तकनीकी समस्या का स्थायी समाधान कर दिया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अब ग्रामीणों को पेयजल आपूर्ति में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। इस दौरान पूर्व सरपंच हनीफ खां, भैराराम, अमर सिंह, भैरू सिंह, भुंडाराम चौधरी, भंवर सिंह, उदाराम, डगराराम जाट, उदाराम, छोगाराम, मानकलाल, मनोज कुमार, जेठाराम, बंसीलाल, नंदू कुमार, मोहनलाल मेघवाल, अचलाराम मेघवाल, धनराज भाटी सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।








