भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। शहर के पटेलनगर स्थित मीरा सर्किल का स्वरूप जल्द ही पूरी तरह बदलने वाला है। नगर विकास न्यास (यूआईटी) द्वारा सर्किल के सौंदर्यीकरण के साथ यहां संत शिरोमणि मीरा बाई की 12 फीट ऊंची आकर्षक प्रतिमा स्थापित की जा रही है। निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में है और पूरा होते ही सर्किल का विधिवत लोकार्पण किया जाएगा।यूआईटी अधिकारियों के अनुसार, यह प्रतिमा बाजार से खरीदी गई सामान्य मूर्ति नहीं है, बल्कि विशेष डिजाइन के आधार पर तैयार कराई गई है। यूआईटी के अधिशासी अभियंता राजू बडारिया और सहायक अभियंता रोहित चाबीसा ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया के जरिए यह कार्य कावेरी एंटरप्राइजेज को सौंपा गया था।
प्रतिमा को उच्च गुणवत्ता वाले रेजिन फाइबर से बनाया गया है, जिससे यह धूप, बारिश और अन्य मौसमीय प्रभावों का लंबे समय तक सामना कर सकेगी। 12 फीट ऊंची इस प्रतिमा का आधार लगभग 8 फीट चौड़ा है, जबकि ऊपरी भाग करीब 4 फीट चौड़ा रखा गया है। प्रतिमा में संत मीरा बाई को पारंपरिक भक्तिमय मुद्रा में वीणा बजाते हुए दर्शाया गया है, जो उनकी भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अटूट भक्ति और समर्पण का प्रतीक है।सूत्रों के अनुसार, मीरा सर्किल के कायाकल्प, सौंदर्यीकरण और प्रतिमा स्थापना पर करीब 12 से 15 लाख रुपये की लागत आई है। प्रतिमा स्थापित होने के बाद यह सर्किल शहर की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान का नया आकर्षण बनेगा।







