बादलों ने दिया धोखा, भीलवाड़ा में बारिश नहीं होने से उमस चरम पर आज कई जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट
भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। मानसून की दस्तक के बावजूद भीलवाड़ा जिले के लोगों को शनिवार को बारिश का इंतजार ही करना पड़ा। सुबह तड़के हल्की फुहारें पड़ने के बाद पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन अच्छी बारिश नहीं हुई। नतीजतन उमस और गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। दिनभर चिपचिपी गर्मी के कारण जनजीवन प्रभावित रहा।
मौसम विभाग का कहना है कि राजस्थान में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और आगामी पांच दिनों तक अधिकांश क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में मानसून का प्रभाव प्रदेश के अन्य इलाकों में भी और मजबूत होगा।
रविवार के लिए दक्षिणी राजस्थान के कई जिलों में भारी से अतिभारी बारिश की संभावना जताई गई है। झालावाड़, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर और उदयपुर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं जैसलमेर और बीकानेर को छोड़कर प्रदेश के लगभग सभी जिलों के लिए यलो अलर्ट घोषित किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की है।








