भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र गुलमंडी सर्राफा बाजार स्थित बालाजी मंदिर के समीप पिछले करीब दस दिनों से पेयजल की लीकेज लगातार जारी है। मुख्य सड़क पर पानी बहने से प्रतिदिन हजारों लीटर स्वच्छ पेयजल व्यर्थ हो रहा है, जबकि क्षेत्र के लोग जल संकट और अनियमित जलापूर्ति जैसी समस्याओं का सामना कर रहे हैं।
लगातार बह रहे पानी के कारण सड़क पर जलभराव और कीचड़ की स्थिति बन गई है। बाजार में आने-जाने वाले व्यापारियों, ग्राहकों और मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। सड़क पर फैले पानी से फिसलन बढ़ गई है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि संबंधित विभाग को कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। विभागीय लापरवाही के चलते समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। व्यापारियों का कहना है कि सड़क पर हर समय पानी जमा रहने से ग्राहकों को भी असुविधा हो रही है, जिसका असर कारोबार पर पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही लीकेज को ठीक नहीं कराया गया तो सड़क को भी नुकसान पहुंच सकता है और बड़े गड्ढे बनने की संभावना बढ़ जाएगी। नागरिकों ने प्रशासन एवं जलदाय विभाग से तत्काल हस्तक्षेप कर पेयजल लीकेज बंद करवाने और पानी की हो रही बर्बादी रोकने की मांग की है।स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ओर पानी बचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर विभागीय उदासीनता के कारण हजारों लीटर पानी खुलेआम बह रहा है, जो चिंता का विषय है।






