बीकानेर/घुमन्तु दर्पण। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय (एमजीएसयू) के 23वें स्थापना दिवस पर रविवार को आयोजित समारोह में चार नवीन भवनों का लोकार्पण किया गया तथा दो महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। कार्यक्रम में राज्यपाल एवं कुलाधिपति हरिभाऊ बागड़े, उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा और विधायक जेठानंद व्यास ऑनलाइन जुड़े, जबकि केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल उपस्थित रहे।
समारोह में पीएम-उषा योजना के तहत निर्मित परीक्षा केंद्र भवन, केंद्रीय शोध सुविधा भवन, विज्ञान भवन और कला भवन का लोकार्पण किया गया। साथ ही नैसकॉम आईटी-आईटीईएस सेक्टर स्किल काउंसिल तथा आरकेसीएल के साथ दो समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान हुआ।
राज्यपाल बागड़े ने शिक्षा के साथ संस्कार, अनुसंधान और कौशल विकास पर बल दिया, वहीं केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने विश्वविद्यालय को ज्ञान, शोध और नवाचार का महत्वपूर्ण केंद्र बताते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।








