भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। शहर में चेन स्नेचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। गुरुवार को चंद्रशेखर आजाद नगर क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े एक महिला को निशाना बनाते हुए उसके गले से चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। घटना अमूल डेयरी के पास की बताई जा रही है, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान बदमाशों ने कोतवाली थाना इलाके के एलएनटी रोड पर भी एक महिला से लूट का प्रयास किया, लेकिन वहां उन्हें सफलता नहीं मिल सकी। लगातार हो रही ऐसी वारदातों से शहरवासियों में डर का माहौल है।
लोगों का कहना है कि व्यस्त इलाकों में भी अपराधी बेखौफ होकर वारदात कर रहे हैं, जिससे पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।







