भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण| शहर के भीमगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब पंचमुखी श्मशान के पास स्थित आत्माराम सत्संग मंडल की बावड़ी में एक बुजुर्ग का शव तैरता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर भीमगंज थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बावड़ी से बाहर निकलवाया।

पुलिस जांच में मृतक की पहचान कोली मोहल्ला निवासी रामदयाल कोली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रामदयाल कोली गत 1 जून से लापता थे। उनके अचानक घर से गायब होने के बाद परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे और रिश्तेदारों सहित आसपास के क्षेत्रों में भी खोजबीन की जा रही थी, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग पाया।
भीमगंज थाना प्रभारी सुनील चौधरी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में रामदयाल कोली अकेले ही बावड़ी की तरफ जाते हुए दिखाई दिए हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है, वहीं क्षेत्र में भी चर्चा का विषय बना हुआ है।








