गुरला/घुमन्तु दर्पण। पर्यावरण संरक्षण और हरित राजस्थान के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से गौचर बचाओ फाउंडेशन द्वारा नागौरी गार्डन स्थित पब्लिक अवेयरनेस पार्क में 21 पौधों का वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संदेश दिया गया।फाउंडेशन के राष्ट्रीय संयोजक गोटू सिंह मंगलपुरा ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी नियमित देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल स्वच्छ वातावरण और शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की भी मजबूत नींव हैं।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में एडवोकेट मुकेश कुमार शर्मा, एडवोकेट मुकेश कुमार सुथार, एडवोकेट कन्हैया लाल खारोल, एम.एल. कुमावत, कालू लाल रेबारी, महावीर पारख, राहुल पाराशर, आदित्य सिंह, पिहू कानावत, चेतन सहित फाउंडेशन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं पर्यावरण प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम के समापन पर एडवोकेट बुद्धि प्रकाश डीडवानिया की ओर से सभी कार्यकर्ताओं के लिए स्नेह भोज का आयोजन किया गया। फाउंडेशन ने उनके सहयोग और आत्मीय आतिथ्य के लिए आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर फाउंडेशन ने आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के जन अभियान से जुड़ने की अपील की।






