बीकानेर/घुमन्तु दर्पण(सुरेश जैन)। विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित विशाल साइकिल रैली एवं मेरी साइकिल–मेरा हेलमेट अभियान के तहत केंद्रीय विधि एवं न्याय (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भाग लिया। इस दौरान उन्होंने स्वयं साइकिल चलाकर फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही पहली बार आयोजित साइकिल जन्मदिन समारोह में केक काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने विशाल साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली गंगा थिएटर से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः गंगा थिएटर पहुंची। रैली के माध्यम से फिट इंडिया, सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत “मेरी साइकिल–मेरा हेलमेट” अभियान के संयोजक बस्तीराम बिश्नोई द्वारा आयोजित साइकिल जन्मदिन समारोह से हुई। केंद्रीय मंत्री ने केक काटकर इस अनूठी पहल की सराहना की और इसे स्वास्थ्य, सड़क सुरक्षा तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला अभिनव प्रयास बताया।
अपने संबोधन में मेघवाल ने कहा कि साइकिल केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का प्रतीक है। नियमित साइकिल चलाने से शारीरिक फिटनेस बेहतर होती है, हृदय रोगों का खतरा कम होता है तथा मानसिक स्वास्थ्य भी सुदृढ़ होता है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और ईंधन खपत की चुनौतियों के बीच साइकिल पर्यावरण-अनुकूल परिवहन का सबसे प्रभावी माध्यम है। अधिक से अधिक लोग यदि दैनिक जीवन में साइकिल का उपयोग करें तो प्रदूषण नियंत्रण के साथ-साथ स्वस्थ समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
उन्होंने सड़क सुरक्षा के लिए हेलमेट के नियमित उपयोग पर बल देते हुए कहा कि सुरक्षा के प्रति जागरूकता ही दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने मेरी साइकिल–मेरा हेलमेट अभियान को जनहित में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए आयोजकों को बधाई दी।
जिला खेल अधिकारी सुरेन्द्र हर्ष ने बताया कि गंगा थिएटर परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन एवं फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न खेल एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन भी किया गया। इनमें योग, रस्सा-कस्सी प्रतियोगिता, रनिंग गतिविधि तथा ऊर्जावान जुंबा डांस सत्र शामिल रहे, जिनमें युवाओं, महिलाओं एवं बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। योग प्रशिक्षक भुवनेश पुरोहित की टीम ने योग प्रदर्शन किया। नगर निगम की ओर से खिलाड़ियों के लिए फल एवं जूस की व्यवस्था भी की गई।
कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलानीचामी, एडीएम उम्मेद सिंह रतनू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती सिंह राठौड़, हाल ही में आईपीएस में चयनित सुनील गोदारा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, खिलाड़ी, साइकिलिस्ट, बीएसएफ, एयरफोर्स, पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस तथा बड़ी संख्या में साइकिल प्रेमियों और आमजन ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।








