भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण।
भीषण गर्मी और तेज तपिश के बीच शहर के संकट मोचन हनुमान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं एवं राहगीरों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से विशाल छाछ वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंदिर में पहुंचे हजारों लोगों ने ठंडी छाछ ग्रहण कर गर्मी से राहत महसूस की।
महामंडलेश्वर बाबूगिरी महाराज ने बताया कि हर वर्ष गर्मी के मौसम में सेवा भाव से यह आयोजन किया जाता है, ताकि आमजन को भीषण गर्मी से राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और इसी भावना के साथ मंदिर परिसर में करीब 5000 लीटर ताजा व ठंडी छाछ का वितरण किया गया।
मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ राहगीरों और जरूरतमंद लोगों ने भी छाछ प्रसादी ग्रहण की। सेवा कार्य में मंदिर के सेवादारों और भक्तों ने उत्साहपूर्वक सहयोग किया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।








