भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण(धीरज कुमार शर्मा)। शहर की संजय कॉलोनी में शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कॉलोनी में लगे एक विद्युत पोल में करंट उतरने से तीन गायें और एक कुत्ता खंभे से चिपक गए।घटना देख क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए डंडों और रस्सियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद सभी पशुओं को करंट की चपेट से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही गौरक्षक राम लखन भी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में सहयोग किया। समय रहते सभी पशुओं को करंट से अलग कर दिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने विद्युत व्यवस्था संभाल रही सिक्योर कंपनी को सूचना दी, लेकिन लोगों का आरोप है कि कंपनी की टीम करीब डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची। जब क्षेत्रवासियों ने अधिकारियों से लापरवाही को लेकर सवाल किए तो कथित रूप से एक अधिकारी ने कहा कि अगर कोई बड़ा हादसा हो जाता तो कंपनी मुआवजा दे देती।
इस टिप्पणी से स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने कहा कि हादसा होने के बाद मुआवजा देने की बात करना गैर-जिम्मेदाराना है, जबकि समय रहते ऐसी घटनाओं को रोकना विभाग की जिम्मेदारी है। इसी बात को लेकर कंपनी के कर्मचारियों और क्षेत्रवासियों के बीच तीखी बहस और झड़प हो गई।विवाद बढ़ने पर सुभाष नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया।
इधर, विद्युत विभाग की ओर से बताया गया कि बारिश और मौसम में नमी के कारण कई स्थानों पर विद्युत फॉल्ट की शिकायतें मिल रही हैं, जिन्हें लगातार ठीक किया जा रहा है। वहीं क्षेत्रवासियों ने संजय कॉलोनी में विद्युत पोल और लाइन की तत्काल जांच कर आवश्यक सुधार करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।








