गेहूं का आवंटन नहीं बढ़ा तो जुलाई से बाहरी उपभोक्ताओं को नहीं मिलेगा राशन: राशन डीलर संघ
भीलवाड़ा/घुमन्तु दर्पण। भीलवाड़ा शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र की उचित मूल्य दुकानों पर पिछले कई महीनों से गेहूं की कमी और राशन डीलरों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार को लेकर गुरुवार को राशन डीलरों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर समाधान की मांग की।शहर उचित मूल्य दुकानदार संघ के अध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि यदि जुलाई 2026 से गेहूं का अतिरिक्त आवंटन नहीं बढ़ाया गया तो राशन डीलर बाहरी क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को गेहूं वितरण करने में असमर्थ होंगे।
ज्ञापन में बताया गया कि ‘वन नेशन वन राशन कार्ड’ योजना लागू होने के बाद अन्य जिलों, तहसीलों एवं राज्यों के हजारों श्रमिक, जो भीलवाड़ा में कार्यरत हैं, स्थानीय राशन दुकानों से खाद्यान्न प्राप्त कर रहे हैं। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों के लगभग 5 से 6 हजार उपभोक्ता भी नियमित रूप से शहर की दुकानों पर निर्भर हैं। इससे शहर के मूल उपभोक्ताओं के हिस्से का गेहूं कम पड़ रहा है और कई पात्र परिवार राशन से वंचित हो रहे हैं।संघ अध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि सीमित स्टॉक के कारण जब दुकानदार बाहरी उपभोक्ताओं को राशन देने में असमर्थता जताते हैं तो विवाद की स्थिति बन जाती है। कई बार डीलरों को झूठी शिकायतों, अभद्र व्यवहार और मारपीट की धमकियों का भी सामना करना पड़ता है।

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि जिन राशन कार्ड धारकों ने कार्ड सरेंडर या गिव-अप किए, उनका आवंटन तो तत्काल कम कर दिया गया, लेकिन नए पात्र परिवारों के नाम जुड़ने के बावजूद उनके हिस्से का अतिरिक्त गेहूं दुकानों को उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। साथ ही अन्य राज्यों के उपभोक्ताओं को वितरित किए गए गेहूं पर मिलने वाला कमीशन भी लंबे समय से बकाया है।राशन डीलरों ने प्रशासन से मांग की है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बचने वाले अतिरिक्त गेहूं का स्टॉक शहर की दुकानों को आवंटित किया जाए, बाहरी उपभोक्ताओं को वितरित राशन का बकाया कमीशन शीघ्र भुगतान किया जाए, शहर की दुकानों पर निर्भर ग्रामीण उपभोक्ताओं की स्थायी सीडिंग की जाए तथा राशन डीलरों की सुरक्षा और सुचारू वितरण व्यवस्था के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।ज्ञापन सौंपने के दौरान मुश्ताक अहमद शेख, अब्दुल हमीद मेव, राजमल टेलर, राजेन्द्र मेहता, श्यामलाल पुरोहित, बलवंत सिंह, सत्यनारायण शर्मा सहित अनेक उचित मूल्य दुकानदार एवं डीलर प्रतिनिधि उपस्थित रहे।








