पाली/घुमन्तु दर्पण(सुरेश पवार)। रानी रेलवे स्टेशन पर तत्काल टिकट बुकिंग की धीमी व्यवस्था के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों का आरोप है कि टिकट जारी करने की गति बेहद धीमी होने से समय पर टिकट नहीं बन पा रहे हैं। कई यात्रियों ने बताया कि एक टिकट फॉर्म तक निर्धारित समय में प्रोसेस नहीं हो पा रहा, जिससे तत्काल टिकट प्राप्त करना मुश्किल हो गया है।सूत्रों के अनुसार टिकट बुकिंग व्यवस्था और ड्यूटी को लेकर कर्मचारियों के बीच बहस की स्थिति भी उत्पन्न हो गई। ड्यूटी शिफ्ट को लेकर हुई गरमा-गरमी के बाद स्टेशन मास्टर ने हस्तक्षेप कर कर्मचारियों को समझाइश दी और मामला शांत कराया।
वहीं दूसरी ओर यात्रियों ने शिकायत की कि सूर्यनगरी एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म पर पहुंचकर रवाना भी हो गई, लेकिन समय पर उद्घोषणा (अनाउंसमेंट) नहीं होने से यात्रियों को भाग-दौड़ करनी पड़ी। कई यात्री अंतिम समय में ट्रेन पकड़ने के लिए इधर-उधर दौड़ते नजर आए।यात्रियों ने रेल मंत्रालय और रेलवे प्रशासन से तत्काल टिकट बुकिंग प्रणाली में सुधार, पर्याप्त स्टाफ की नियुक्ति तथा समय पर उद्घोषणा सुनिश्चित करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं नहीं मिलेंगी तो स्टेशन की आय लगातार प्रभावित होती रहेगी।
रानी विकास संघ के सदस्यों ने बताया कि स्टेशन की दैनिक आय पहले लगभग 70 हजार रुपये थी, जो अब घटकर करीब 35 हजार रुपये प्रतिदिन रह गई है। संघ ने रेलवे प्रशासन से व्यवस्थाओं में सुधार कर स्टेशन की आय और यात्री सुविधाओं को बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि रानी रेलवे स्टेशन की घटती आय और यात्रियों की बढ़ती असुविधा के लिए आखिर जिम्मेदार कौन है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो इसका असर स्टेशन के विकास और यात्रियों की संख्या पर भी पड़ सकता है।








