पाली/घुमन्तु दर्पण। रेल विकास और यात्री सुविधाओं के लिए पिछले 38 वर्षों से निरंतर संघर्ष कर रहे समाजसेवी एवं जय श्री कृष्णा साई दर्शन हेल्पलाइन ग्रुप के मुख्य प्रबंधक देवेंद्रसिंह मीणा को राजस्थान मीटरगेज प्रवासी संघ ने मुंबई में आयोजित एक समारोह में सम्मानित किया। यह सम्मान रेल विकास के लिए उनके लंबे समय से किए जा रहे निःस्वार्थ प्रयासों और जनहित कार्यों के लिए प्रदान किया गया।
मुंबई के मरीन लाइंस स्थित हिंदी विद्या भवन के एस.के. सोमानी हॉल में आयोजित समारोह में राजस्थान के चुनिंदा छह संघर्षशील व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। मारवाड़ क्षेत्र से देवेंद्रसिंह मीणा एकमात्र सम्मानित व्यक्तित्व रहे। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसदों की मौजूदगी में उन्हें सम्मान प्रदान किया गया।

इस अवसर पर राजस्थान मीटरगेज प्रवासी संघ के अध्यक्ष विमल एम. रांका और मंत्री निरंजन परिहार ने कहा कि मीणा वर्षों से रेल सुविधाओं के विस्तार, नई रेल सेवाओं और यात्रियों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने रेल मंत्री, उत्तर पश्चिम रेलवे के अधिकारियों, सांसदों और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कई महत्वपूर्ण मांगें उठाई हैं, जिनमें से कई को अमलीजामा भी पहनाया जा चुका है।
समारोह में मीणा के संघर्ष और समर्पण की चर्चा होने पर पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने रेल विकास के लिए तन, मन और धन से योगदान दिया है तथा उनका कार्य अन्य लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुंबई से सम्मान प्राप्त कर लौटने पर आबूरोड, पिंडवाड़ा और मारवाड़ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया।
कार्यक्रम के दौरान मीणा ने मारवाड़ जंक्शन क्षेत्र की रेल सुविधाओं को लेकर कई मांगें भी रखीं। इनमें प्रमुख रेलगाड़ियों के ठहराव, मारवाड़-जोधपुर प्रातःकालीन ट्रेन संचालन, पीट लाइन निर्माण, बाड़मेर और उदयपुर तक सीधी रेल सेवा, बिलाड़ा तक ट्रेन विस्तार तथा देवगढ़-हरिपुर ब्रॉडगेज लाइन जैसी मांगें शामिल हैं।
समारोह में रेल विकास के क्षेत्र में योगदान देने वाले डॉ. वंदना डांगी, के.के. मिश्रा, काशीराम रावल, अशोक आर. गहलोत और चंद्रशेखर अग्रवाल को भी सम्मानित किया गया।








