करेड़ा/घुमन्तु दर्पण। भीलवाड़ा जिले की करेड़ा थाना पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए ट्रैक्टर चोरी के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी गया स्वराज ट्रैक्टर बरामद कर वारदात में शामिल एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
बाड़े का कुंदा तोड़कर चुराया था ट्रैक्टर
हाथीपुरा निवासी कांशीराम (55) पुत्र उदयराम जाट ने करेड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 31 मई की रात करीब 10 बजे उन्होंने अपना स्वराज 735 FEV1 ट्रैक्टर (आरजे06आरई4108) बाड़े में खड़ा किया था। अगले दिन सुबह उनकी पत्नी जब भैंस का दूध निकालने पहुंचीं तो बाड़े का कुंदा टूटा हुआ मिला और ट्रैक्टर गायब था।चोर ट्रैक्टर के पीछे लगी कल्टी को मौके पर छोड़ गए थे, जबकि ट्रैक्टर और ड्रम में रखा डीजल चोरी कर ले गए। मामले में पुलिस ने प्रकरण संख्या 100/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत जांच शुरू की।
150 सीसीटीवी कैमरे खंगाले, तकनीकी विश्लेषण से मिला सुराग
जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बुद्धराज के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी आसींद ओमप्रकाश के सुपरविजन में करेड़ा थानाधिकारी पुरणमल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 100 से 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही पूर्व चालानशुदा अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए संदिग्ध मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) का गहन तकनीकी विश्लेषण किया गया।
आरोपी ने पूछताछ में कबूला अपराध
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने हेमराज पुत्र मांगू बैरवा (22), निवासी पीथास, थाना बागौर, जिला भीलवाड़ा को हिरासत में लिया।गहन एवं मनोवैज्ञानिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने ट्रैक्टर चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरी गया ट्रैक्टर बरामद कर लिया।
टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में करेड़ा थानाधिकारी पुरणमल (पुलिस निरीक्षक) के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह एवं कांस्टेबल प्रदीप कुमार (नं. 246) की विशेष भूमिका रही। टीम में कांस्टेबल कृष्ण कुमार (नं. 265), जितेंद्र सिंह (नं. 559), भगवान (नं. 591) तथा राकेश (नं. 508) भी शामिल रहे।
अन्य चोरियों के खुलासे की संभावना
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है। जांच में क्षेत्र में हुई अन्य वाहन चोरियों तथा संभावित वाहन चोर गिरोह के सदस्यों के संबंध में महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।







