पाली/घुमन्तु दर्पण। पाली जिले के देसूरी उपखंड के घाणेराव कस्बे में अज्ञात कारणों के चलते कबाड़ के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पुराने टायर सहित लाखों रुपए का कबाड़ का सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार घाणेराव निवासी वंशीलाल पुत्र रूपाराम खटीक के गोदाम में आग लगी। घटना कुम्हारों के मोहल्ले स्थित आबादी क्षेत्र की बताई जा रही है, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
आग लगने के बाद ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन टायरों और कबाड़ में लगी आग तेजी से फैलती गई। आग की ऊंची लपटों को देखते हुए सादड़ी अग्निशमन दल को मौके पर बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। घटना में लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।







